धनबाद से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां धनबाद-रांची मुख्य मार्ग पर केंदुआडीह थाना क्षेत्र के पास बुधवार सुबह करीब 8 बजे अचानक सड़क धंस जाने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार सड़क बीच से लगभग 2 फीट तक धंस गई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
घटना के बाद सड़क पर कई जगहों पर लंबी दरारें भी देखी गई हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क धंसने के समय तेज आवाज भी सुनाई दी, जिससे लोग सहम गए और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए केंदुआडीह पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर मुख्य मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया है। फिलहाल, यातायात को पास की लिंक रोड के जरिए डायवर्ट किया गया है। प्रशासन द्वारा लोगों से सतर्क रहने और प्रभावित क्षेत्र से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।
केंदुआडीह थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि मामले की सूचना बीसीसीएल और जिला प्रशासन को दे दी गई है। विशेषज्ञों की टीम को बुलाया जा रहा है, ताकि धंसान के कारणों का पता लगाया जा सके। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि सुरक्षा के मद्देनजर इस मार्ग को स्थायी रूप से बंद करने पर विचार किया जा सकता है।
वहीं, स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने बीसीसीएल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कंपनी लोगों को हटाने के लिए दबाव बना रही है और यह घटना भी उसी साजिश का हिस्सा हो सकती है। हालांकि, प्रशासन ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है।
गौरतलब है कि केंदुआडीह क्षेत्र में पिछले कई महीनों से जहरीली गैस के रिसाव की घटनाएं भी सामने आती रही हैं, जिससे कई लोगों की जान जा चुकी है। ऐसे में सड़क का धंसना इलाके के लिए एक नई चिंता बनकर उभरा है।
संवाददाता: नितीश कुमार, धनबाद
