बिहार के सहरसा जिले के सदर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक वीडियोग्राफर को उसके ही अस्थायी कर्मचारी ने लाखों रुपये का नुकसान पहुंचा दिया। आरोपी महंगे कैमरे और अन्य उपकरण लेकर फरार हो गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, तिरंगा चौक वार्ड-19 निवासी पंकज कुमार सिंह उर्फ ‘पप्पू’ धर्मशाला रोड स्थित सिटी कार्ड के पास “पप्पू वीडियो” नाम से दुकान चलाते हैं। वे शादी-विवाह और अन्य कार्यक्रमों में वीडियोग्राफी का काम करते हैं और जरूरत के अनुसार बाहर से कर्मचारियों को बुलाते हैं।
इसी क्रम में उन्होंने धनबाद निवासी मनोज कुमार को काम पर रखा था। पीड़ित के मुताबिक 24 मार्च को आरोपी ने उनके कमरे की चाबी चुरा ली और मौका मिलते ही ताला खोलकर अंदर रखा सारा महंगा सामान बैग में भरकर फरार हो गया। घटना को छिपाने के लिए उसने बाहर से दोबारा ताला भी लगा दिया।
चोरी गए सामान में Nikon Z6II कैमरा, दो लेंस, एक गिंबल, चार बैटरी, दो चार्जर और 128GB मेमोरी कार्ड शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 4.25 लाख रुपये बताई गई है।
घटना का खुलासा 13 अप्रैल को हुआ, जब पंकज कुमार अपने कमरे पर पहुंचे और सामान गायब पाया। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर आरोपी साफ तौर पर उपकरण ले जाते हुए नजर आया।
पीड़ित का कहना है कि आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में शामिल रहा है और उस पर पहले से मामला दर्ज है। इसके बावजूद सख्त कार्रवाई नहीं होने से उसके हौसले बढ़े हुए थे।
मामले में सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
