सहरसा से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां रेल थाना पुलिस ने वैशाली एक्सप्रेस ट्रेन से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। यह कार्रवाई 13 अप्रैल 2026 को की गई, जब ट्रेन के सामान्य बोगी में लावारिस हालत में कई पिट्ठू बैग पाए गए।

 

मिली जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान पुलिस को कुल 10 पिट्ठू बैग मिले, जिनमें Royal Stage ब्रांड की अंग्रेजी शराब की 76 बोतलें बरामद की गईं। प्रत्येक बोतल 750 एमएल की थी, जिससे कुल मात्रा 57 लीटर आंकी गई।

 

इसके अलावा, तीन अन्य पिट्ठू बैग और एक छोटा ट्रॉली बैग से Blunder Pride ब्रांड की 30 बोतलें बरामद की गईं। इनकी कुल मात्रा 22.5 लीटर बताई जा रही है। इस तरह पुलिस ने कुल 79.5 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है।

 

बताया जा रहा है कि सभी बैग ट्रेन में लावारिस हालत में पड़े थे, जिससे तस्करी की आशंका जताई जा रही है। रेल थाना सहरसा की टीम ने तत्परता दिखाते हुए पूरे माल को जब्त कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

इस संबंध में सहायक अवर निरीक्षक दामोदर प्रसाद के लिखित आवेदन पर रेल थाना सहरसा में कांड संख्या 15/26 दर्ज किया गया है। यह मामला बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2016 की धारा 30(अ) के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया है।

 

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब किसके द्वारा लाई जा रही थी और इसके पीछे कौन सा नेटवर्क काम कर रहा है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

 

रेल थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *