गोपालपुर। सैदपुर गांव की सम्मानित बुजुर्ग एवं स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय यमुना कुंवर की धर्मपत्नी अन्नपूर्णा देवी का सोमवार की शाम निधन हो गया। वह लगभग 99 वर्ष की थीं। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों एवं शुभचिंतकों ने उनके आवास पर पहुंचकर गहरी संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।


अन्नपूर्णा देवी अपने पीछे एक भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनके परिवार में दो पुत्र, चार पुत्रियां, पोते-पोतियां एवं अन्य सदस्य शामिल हैं। उनके पुत्र सहजनानंद कुंवर और अविनाश कुंवर सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहते हैं और क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखते हैं। परिवारजनों ने बताया कि अन्नपूर्णा देवी का जीवन सादगी, संस्कार और सेवा भावना से भरा हुआ था। उन्होंने पूरे परिवार को एकजुट रखते हुए हमेशा समाज में आदर्श प्रस्तुत किया।


पोता संजीव कुमार और निलेश कुमार ने जानकारी दी कि उनका अंतिम संस्कार मंगलवार की सुबह पूरे विधि-विधान के साथ किया जाएगा। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंच रहे हैं। गांव के बुजुर्गों का कहना है कि अन्नपूर्णा देवी का स्नेह और आशीर्वाद हमेशा गांव के लोगों को मिलता रहा, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।


उनके निधन पर शोक व्यक्त करने वालों में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी भी शामिल रहे। मुखिया वीणा देवी, मुखिया प्रतिनिधि जितेंद्र कुमार गौतम उर्फ गुड्डू मुखिया, प्रमुख प्रतिनिधि साकेत बिहारी, पैक्स अध्यक्ष अभय कुमार, सरपंच रवींद्र कुंवर, अशोक दादा, उदय कुंवर, उप मुखिया रविरंजन कुमार, वार्ड सदस्य अमर कुमार एवं पूर्व उप मुखिया चंदन कुमार समेत कई गणमान्य लोगों ने उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।


ग्रामीणों ने कहा कि अन्नपूर्णा देवी का जीवन त्याग, सेवा और संस्कारों का प्रतीक था। उनका निधन न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। लोग उन्हें एक आदर्श महिला के रूप में हमेशा याद करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *