बांका जिले में सड़क हादसे में एक मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान नोनीहारी गांव निवासी कैलाश पासवान, पिता स्वर्गीय श्याम पासवान के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिजन उन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, कैलाश पासवान मजदूरी का काम करते थे। सोमवार को काम खत्म करने के बाद वह अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बांका पुलिस लाइन के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैलाश गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर गिर पड़े।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद कैलाश के साथ काम करने वाले मालिक ने उनके परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल कैलाश पासवान को इलाज के लिए बांका सदर अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।
इसके बाद परिजन कैलाश को लेकर मायागंज अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज शुरू किया गया। हालांकि, हालत गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है। बांका पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई। फिलहाल पुलिस हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से वाहन की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।
सड़क हादसे में मजदूर की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने पुलिस से अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।





