भागलपुर के सुल्तानगंज स्थित प्रसिद्ध अजगैबीनाथ धाम में सावन की तीसरी सोमवारी और नाग पंचमी के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। उत्तरवाहिनी गंगा के नमामि गंगे घाट, अजगैबीनाथ गंगा घाट, नई सीढ़ी घाट समेत शहर के सभी प्रमुख घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। पूरा सुल्तानगंज गेरुआ रंग में रंगा नजर आ रहा है और हर-हर महादेव तथा बोल बम के जयकारों से पूरा इलाका गूंज रहा है।
देश के अलग-अलग राज्यों के साथ-साथ नेपाल और भूटान से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुल्तानगंज पहुंचे हैं। कांवरिया पहले उत्तरवाहिनी गंगा में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। इसके बाद गंगा जल भरकर कांवर यात्रा शुरू कर रहे हैं। श्रद्धालु करीब 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचेंगे और वहां भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे।
सावन की तीसरी सोमवारी और नाग पंचमी के एक साथ पड़ने से श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। भक्तों का कहना है कि नाग पंचमी का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है और इस पावन दिन का वे पूरे साल इंतजार करते हैं। श्रद्धालुओं का मानना है कि भगवान शिव की महिमा अपरंपार है और बाबा अपने प्रत्येक भक्त की मनोकामना पूरी करते हैं।
अजगैबीनाथ धाम में उमड़ी भीड़ को देखते हुए पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। घाटों से लेकर कांवरिया पथ तक हर तरफ बोल बम के जयकारे सुनाई दे रहे हैं। श्रद्धालुओं की आस्था, उत्साह और भक्ति से सुल्तानगंज का पूरा वातावरण शिवमय हो गया है। सावन की इस पावन सोमवारी पर अजगैबीनाथ धाम में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है।





