भागलपुर के कजरेली थाना क्षेत्र के बेलसीरा गांव में अज्ञात चोरों ने एक घर में घुसकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोर घर से करीब 30 भर चांदी के जेवरात, दो हजार रुपये नगद समेत अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और पीड़ित परिवार ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि घर में बिजली का रिचार्ज खत्म हो जाने के कारण बिजली नहीं थी। गर्मी और उमस से परेशान होकर घर के लोग छत पर सोने चले गए थे। वहीं, घर के आंगन में गृहस्वामी की सास सो रही थीं। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर की खिड़की के रास्ते अंदर प्रवेश किया और कमरे में रखे बक्से को खंगाल डाला।
गृहस्वामी टुशो देवी ने बताया कि रात में बिजली नहीं रहने के कारण परिवार के सभी सदस्य छत पर सोने चले गए थे। आंगन में उनकी सास सो रही थीं। इसी बीच चोर खिड़की के रास्ते घर के अंदर घुसे और बक्से में रखे करीब 30 भर चांदी के जेवरात तथा दो हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरों ने घर में रखा अन्य सामान भी उठा लिया।
सुबह जब परिवार के लोग जागे और घर के सामान की जांच की, तो चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद घटना की सूचना कजरेली थाना पुलिस को दी गई। चोरी की वारदात सामने आने के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय इस तरह चोरी की घटना से गांव के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने पुलिस से इलाके में रात के समय गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों का पता लगाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और चोरों की पहचान के लिए आसपास के इलाके में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की कार्रवाई के बाद ही चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत और घटना में शामिल आरोपियों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





