सम्पूर्ण क्रांति दिवस पर धनबाद में लोकनायक जयप्रकाश नारायण को श्रद्धांजलि, उनके विचारों को अपनाने का लिया संकल्प


सम्पूर्ण क्रांति दिवस के अवसर पर शुक्रवार को लोकनायक स्मारक समिति, धनबाद के तत्वावधान में बैंक मोड़ स्थित जेपी चौक पर लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक, राजनीतिक एवं विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने भाग लिया और लोकनायक के विचारों को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मेयर संजीव सिंह, पूर्व सांसद पी.एन. सिंह, समाजसेवी विजय झा, जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह, जेएमएम नेत्री नीलम मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर लोकनायक जयप्रकाश नारायण के योगदान को नमन किया।

इस अवसर पर मेयर संजीव सिंह ने कहा कि जयप्रकाश नारायण ने केवल राजनीतिक परिवर्तन की बात नहीं की थी, बल्कि समाज को गुलामी की मानसिकता से मुक्त कराने का आह्वान किया था। उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण क्रांति का संदेश लोगों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने और अन्याय के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने की प्रेरणा देता है।

पूर्व सांसद पी.एन. सिंह ने कहा कि 5 जून 1974 को जयप्रकाश नारायण ने सम्पूर्ण क्रांति का नारा दिया था, जिसने देश की राजनीति को नई दिशा प्रदान की। उन्होंने बताया कि राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक क्षेत्रों में व्यापक बदलाव लाने के उद्देश्य से इस आंदोलन की शुरुआत हुई थी। उन्होंने आपातकाल के दौर का उल्लेख करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद लोगों का विश्वास लोकनायक के नेतृत्व पर कायम रहा।

समाजसेवी विजय झा ने कहा कि पटना के गांधी मैदान से शुरू हुआ सम्पूर्ण क्रांति आंदोलन केवल सत्ता परिवर्तन का आंदोलन नहीं था, बल्कि समाज में नैतिक और वैचारिक बदलाव का अभियान था। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए समय-समय पर जनजागरण और सकारात्मक परिवर्तन आवश्यक हैं।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव सक्रिय रहने का संकल्प लिया।

संवाददाता : नीतीश कुमार

Related Posts

“पुलिस की गुंडागर्दी पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- ‘नाजी जर्मनी जैसी नहीं बन सकती पुलिस’; तत्काल FIR और CID जांच के आदेश”

“पुलिस की गुंडागर्दी पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- ‘नाजी जर्मनी जैसी नहीं बन सकती पुलिस’; तत्काल FIR और CID जांच के आदेश”

पटना में STF का बड़ा एक्शन: कुख्यात भू-माफिया संतोष डॉन गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस बरामद

पटना में STF का बड़ा एक्शन: कुख्यात भू-माफिया संतोष डॉन गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस बरामद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *