गोपालपुर  । एनएच-31 स्थित मकंदपुर चौक के पास एक टोटो चालक के साथ कुछ युवकों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के दौरान आरोपियों ने न सिर्फ चालक के साथ मारपीट की, बल्कि उसके टोटो वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, मकंदपुर निवासी टोटो चालक के साथ उस समय यह घटना हुई जब वह अपने वाहन के साथ चौक के पास खड़ा था। इसी दौरान चार युवकों ने अचानक उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर युवकों ने चालक के साथ मारपीट की और उसके वाहन को नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुके थे।


इस मामले को लेकर घायल चालक के मामा, सैदपुर निवासी लखन लाल पाठक ने गोपालपुर थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की मांग की है। उन्होंने आवेदन में स्पष्ट रूप से चार अज्ञात युवकों पर मारपीट और वाहन क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि उनके भांजे के साथ बिना किसी कारण के यह घटना की गई, जिससे वह काफी भयभीत है।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।


स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *