बिहार के किशनगंज जिले में 8 साल की मासूम बच्ची की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। इस दिल दहला देने वाली घटना में कोई बाहरी नहीं, बल्कि बच्ची की अपनी चाची ही कातिल निकली। पुलिस ने आरोपी महिला हैरून निशा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

यह घटना कोढ़ोबारी थाना क्षेत्र के दुर्गापुर गांव की है, जहां 2 मई 2026 को बच्ची का शव उसके घर के पास स्थित एक मकई के खेत से बरामद किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने तुरंत घटनास्थल का निरीक्षण किया और एसडीपीओ-2 मंगलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने परिवार के सभी सदस्यों से पूछताछ की। इसी क्रम में चाची हैरून निशा का व्यवहार संदिग्ध पाया गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। आरोपी के अनुसार, बच्ची उसके 10 वर्षीय बेटे के साथ झगड़ा कर रही थी और उसे चिढ़ा रही थी। गुस्से में आकर उसने बच्ची को थप्पड़ मारा और धक्का दे दिया, जिससे वह गिरकर बेहोश हो गई।

इसके बाद आरोपी को डर था कि बच्ची होश में आने पर सच्चाई बता देगी, इसलिए उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए उसने शव को मच्छरदानी के कपड़े से ढंककर मकई के खेत में फेंक दिया और खुद भी परिजनों के साथ उसे खोजने का नाटक करती रही।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं, जिनमें टूटी चप्पल, खून से सने कपड़े और मच्छरदानी का टुकड़ा शामिल है। एफएसएल टीम ने भी सभी संदिग्ध स्थानों से सैंपल इकट्ठा किए हैं।

पुलिस के अनुसार, मामले का त्वरित खुलासा टीम की सतर्कता और तकनीकी जांच का परिणाम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *