गोपालपुर। बिहार सरकार के जल संसाधन विभाग द्वारा रंगरा चौक प्रखंड के ज्ञानी दास टोला में गंगा नदी के बढ़ते कटाव से बचाव के लिए 28 करोड़ रुपये की लागत से कटाव निरोधी कार्य कराया जाएगा। इस योजना से क्षेत्र के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो हर वर्ष बाढ़ और कटाव की समस्या से जूझते हैं।
कार्यपालक अभियंता ई. गौतम कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस परियोजना के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही ठेकेदार का चयन कर कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस्माईलपुर-बिंद टोली तटबंध पर कैंप कार्यालय के सामने विशेष रूप से मिट्टी कटाई का कार्य किया जाएगा। साथ ही नदी की धारा को नियंत्रित करने के लिए बंडालिंग की व्यवस्था की जाएगी, जिससे गंगा के जलस्तर में वृद्धि होने पर तटबंध पर दबाव कम पड़े।
अधिकारियों के अनुसार, यह कार्य तकनीकी रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे न केवल कटाव रोका जा सकेगा बल्कि आसपास के गांवों को भी सुरक्षित रखा जा सकेगा। हर वर्ष बाढ़ के दौरान गंगा का रुख बदलने से कई परिवारों को विस्थापन का सामना करना पड़ता है, जिसे इस योजना से काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकेगा।
इसके अलावा करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से न्यू नालंदा कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा किए जा रहे अन्य निरोधी कार्यों में भी तेजी लाने का निर्देश दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी कार्य समय पर पूरे किए जाएं, ताकि आगामी बाढ़ से पहले क्षेत्र को सुरक्षित किया जा सके।
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे उनके जीवन और खेती पर पड़ने वाले खतरे में कमी आएगी।
