गोपालपुर। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग, बिहार सरकार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोपालपुर में दो विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की है। इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि डॉ. एजाज आलम को नेत्र रोग विशेषज्ञ के रूप में तथा डॉ. अमृता मूर्च्छक को चिकित्सक के रूप में पदस्थापित किया गया है।


उन्होंने बताया कि इन दोनों विशेषज्ञ चिकित्सकों के आने से क्षेत्र के मरीजों को अब बेहतर और विशेषज्ञ स्तर की चिकित्सा सुविधा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेगी। खासकर आंखों से संबंधित बीमारियों के इलाज के लिए अब लोगों को दूर के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। नेत्र रोग विशेषज्ञ की तैनाती से मोतियाबिंद, दृष्टि दोष सहित अन्य आंखों की समस्याओं का उपचार सीएचसी में ही संभव होगा।


प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने यह भी कहा कि अस्पताल में सुविधाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं और किसी भी स्वास्थ्य समस्या होने पर समय पर चिकित्सकों से परामर्श लें।


स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि अब स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *