बिहार के सीवान से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां रेलवे सुरक्षा बल यानी RPF की टीम ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में चरस बरामद की गई है, जिसकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, आरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सीवान रेलवे स्टेशन परिसर में लगातार गश्त और सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान प्लेटफार्म संख्या 2/3 के पश्चिमी छोर पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास तीन संदिग्ध युवक बैठे नजर आए।
जैसे ही पुलिस टीम उनकी ओर बढ़ी, तीनों युवक अचानक भागने लगे। हालांकि RPF जवानों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत घेराबंदी की और कुछ ही दूरी पर तीनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उनके पास से एक जूट का थैला बरामद हुआ, जिसमें कार्टून बॉक्स के अंदर 7 पैकेट छिपाकर रखे गए थे। जब इन्हें खोला गया तो उसमें से कुल 3.5 किलो चरस बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे इस मादक पदार्थ को ट्रेन के जरिए उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद ले जाने की फिराक में थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरविंद मिश्रा उर्फ छोटे मिश्रा, अंसार अली और मनोज मुसहर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से 4 मोबाइल फोन और 10,770 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
पूरी कार्रवाई कार्यपालक दंडाधिकारी की मौजूदगी में की गई। इसके बाद तीनों आरोपियों और जब्त सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी सीवान को सौंप दिया गया है, जहां NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
इस कार्रवाई के बाद नशा तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है और RPF की सख्ती को बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
