गोपालपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से प्रखंड के नौ गांवों में स्वास्थ्य मेला आयोजित किया जा रहा है। इसकी जानकारी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुधांशु कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य दूर-दराज के गांवों में रहने वाले लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं दवा उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें इलाज के लिए शहरों का रुख न करना पड़े।
बताया गया कि 18 मार्च को न्यू बुद्धूचक के सरस्वती मंदिर तथा स्वास्थ्य उपकेंद्र बड़ी मकंदपुर में स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। इन शिविरों में सैकड़ों मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं। बुद्धूचक सरस्वती स्थान में डॉ. सुधांशु कुमार के नेतृत्व में सीएचओ कुमारी भानु प्रिया, एएनएम सविता कुमारी, दुर्गा कुमारी एवं प्रीति कुमारी विद्यार्थी ने मरीजों का उपचार किया।
वहीं बड़ी मकंदपुर में आयुष चिकित्सक डॉ. सेफात अहमद, सीएचओ विजय कुमार, एएनएम ज्योति कुमारी, नेहा कुमारी विद्यार्थी तथा गुड़िया कुमारी विद्यार्थी ने स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में सामान्य जांच, दवा वितरण और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया।
स्वास्थ्य प्रबंधक आतिश कुमार राय ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 20 मार्च को तिनटंगा करारी स्थित हवा महल, 23 मार्च को सुकटिया बाजार, 24 मार्च को अभिया, 25 मार्च को कालूचक एवं डिमाहा तथा 28 मार्च को डुमरिया और पचगछिया में स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि अधिक से अधिक लोग इन स्वास्थ्य मेलों में पहुंचकर निःशुल्क चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उठाएं और अपने स्वास्थ्य की नियमित जांच कराएं।
