भारतीय वायदा बाजार (MCX) और अंतरराष्ट्रीय बाजार में आज सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। वैश्विक आर्थिक संकेतों और निवेशकों की मुनाफावसूली के चलते दोनों कीमती धातुओं ने लाल निशान के साथ कारोबार की शुरुआत की। घरेलू बाजार में सोना करीब ₹1,55,750 पर ट्रेड कर रहा है, जबकि चांदी ₹2,51,000 के आसपास बनी हुई है।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का बेंचमार्क अप्रैल कॉन्ट्रैक्ट ₹327 की गिरावट के साथ ₹1,55,658 पर खुला, जबकि पिछले सत्र में यह ₹1,55,985 पर बंद हुआ था। खबर लिखे जाने तक सोना ₹201 टूटकर ₹1,55,784 पर कारोबार कर रहा था। आज के सत्र में सोने ने ₹1,55,600 का निचला स्तर छुआ, जो इसके साल के उच्चतम स्तर ₹1,80,779 से काफी नीचे है।
चांदी के बाजार में भी भारी दबाव देखा गया। मई वायदा में चांदी ₹1,615 गिरकर ₹2,51,498 पर खुली। पिछले बंद भाव ₹2,53,113 के मुकाबले यह करीब ₹2,107 की गिरावट के साथ ₹2,51,006 पर ट्रेड कर रही है। चांदी ने आज ₹2,50,919 का निचला स्तर छुआ। गौरतलब है कि इसी साल चांदी ₹4,20,048 प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच चुकी है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना-चांदी की चमक फीकी पड़ी है। कोमेक्स पर सोना $5,010.60 प्रति औंस पर खुला, लेकिन जल्द ही $5,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे फिसल गया और फिलहाल $4,994.40 पर ट्रेड कर रहा है। चांदी भी $1.45 की गिरावट के साथ $78.46 प्रति औंस पर बनी हुई है।
विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की संभावित नीतियों और डॉलर इंडेक्स में मजबूती के कारण निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू कर दी है। साथ ही, हाल के ऊंचे स्तर के बाद बाजार में करेक्शन भी देखने को मिल रहा है।
शादी के सीजन के बावजूद कीमतों में उतार-चढ़ाव के कारण ग्राहक और निवेशक फिलहाल ‘वेट एंड वॉच’ की रणनीति अपना रहे हैं। जानकारों का मानना है कि यदि गिरावट जारी रहती है, तो आने वाले दिनों में निवेश के बेहतर अवसर सामने आ सकते हैं।
