बिहार के रोहतास जिले से शादी समारोह के दौरान एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने खुशियों के माहौल को कुछ देर के लिए डर में बदल दिया। दोस्तों के बीच मजाक और अनोखे गिफ्ट देने की परंपरा इस बार कुछ ज्यादा ही खतरनाक साबित हुई।
मामला रोहतास जिले के राजपुर प्रखंड का है, जहां संजीत नाम के युवक की शादी बड़े धूमधाम से हो रही थी। शादी में शामिल रिश्तेदार और दोस्त दूल्हे को तरह-तरह के गिफ्ट दे रहे थे। इसी दौरान एक दोस्त ने संजीत को मिठाई का डिब्बा भेंट किया, जिसे देखकर किसी को भी शक नहीं हुआ।
दूल्हे ने जैसे ही गिफ्ट को खोला, अंदर का नजारा देखकर वह बुरी तरह घबरा गए। डिब्बे में मिठाई की जगह एक जिंदा सांप रखा हुआ था। सांप को देखते ही दूल्हे ने तुरंत डिब्बा फेंक दिया और वहां मौजूद लोगों में भी हड़कंप मच गया। कुछ देर के लिए समारोह में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हालांकि बाद में पता चला कि यह पूरी घटना दूल्हे के एक दोस्त की शरारत थी। जानकारी के मुताबिक, यह हरकत करने वाला दोस्त गौतम कुमार है, जिसे ‘स्नेक सिग्नेचर’ के नाम से जाना जाता है। उसे सांप पकड़ने का शौक है और उसने गांव से एक सांप पकड़कर उसे मिठाई के डिब्बे में रख दिया था।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जैसे ही दूल्हा डिब्बा खोलता है, वह डर के मारे पीछे हट जाता है और आसपास मौजूद लोग भी घबरा जाते हैं।
इस घटना को लेकर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आ रही है। कुछ लोग इसे मजाक बता रहे हैं, तो कई लोग इसे बेहद खतरनाक और गैर-जिम्मेदाराना हरकत मान रहे हैं।
फिलहाल, यह अनोखी लेकिन डरावनी शरारत पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
