बिहार के गोपालगंज जिले के जादोपुर थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब लापता दो युवकों में से एक का शव गंडक नदी से बरामद हुआ। मृतक की पहचान 22 वर्षीय विकास कुमार के रूप में हुई है, जो मोतिहारी जिले के मलाही थाना क्षेत्र के बेलहीनारा गांव का रहने वाला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया है।

जानकारी के मुताबिक, विकास कुमार और उसका साथी राजकुमार कुछ दिन पहले हीरापाकड़ गांव से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। परिजनों ने दोनों की काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इस बीच मेहंदिया गांव स्थित पुल के पास खून के धब्बे और विकास की खून से सनी घड़ी मिलने के बाद मामला गंभीर हो गया और पुलिस ने जांच तेज कर दी।

इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि खाप मकसूदपुर गांव के समीप मलाही टोला के पास गंडक नदी में एक शव तैरता हुआ देखा गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और पहचान के बाद पुष्टि हुई कि वह विकास कुमार का ही शव है। शव मिलने की खबर फैलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

जादोपुर थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वहीं, दूसरे लापता युवक राजकुमार की तलाश अभी भी जारी है।

प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, विकास कुमार का राजकुमार की बहन के साथ प्रेम संबंध था, जिसकी जानकारी परिवार को हो गई थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से विकास की हत्या की साजिश रची गई।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा करने का दावा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *