बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत चोरनिया गांव में मंगलवार देर रात पुलिस और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान पुलिस की फायरिंग में 60 वर्षीय जगतवीर राय की गोली लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गोली उनके सीने में लगी, जिससे मौके पर ही उनकी जान चली गई। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

घटना के संबंध में ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस बिना सही जानकारी के छापेमारी के दौरान गलत घर में घुस गई और विरोध करने पर थानाध्यक्ष द्वारा गोली चलाई गई, जिससे जगतवीर राय की मौत हो गई। ग्रामीणों ने इस घटना को हत्या बताते हुए संबंधित थानाध्यक्ष की गिरफ्तारी की मांग की है।

वहीं, पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि गायघाट थाना में दर्ज एक पाक्सो और आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण के मामले में नामजद आरोपी भीखारी राय और अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम छापेमारी करने गई थी। इसी दौरान आरोपियों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को इकट्ठा कर लिया और पुलिस टीम पर पथराव, लाठी-डंडे और फायरिंग के जरिए हमला कर दिया।

पुलिस का दावा है कि स्थिति बिगड़ने और खुद को भीड़ से घिरा हुआ पाकर थानाध्यक्ष राजा सिंह ने आत्मरक्षा में हवाई फायरिंग की, जिसके दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस टीम किसी तरह वहां से निकलने में सफल रही।

इस झड़प में थानाध्यक्ष राजा सिंह, अपर थानाध्यक्ष मनीष कुमार और दो गृह रक्षक जवान घायल हो गए हैं, जिनका इलाज मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच अस्पताल में चल रहा है।

फिलहाल गांव में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है और हालात पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है, वहीं पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *