भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड अंतर्गत कमरगंज पंचायत के क्रिकेट मैदान में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मैच का आयोजन किया गया। इस रोमांचक मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और ग्रामीण मैदान में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कमरगंज पंचायत के मुखिया भरत कुमार, जिला परिषद सदस्या आशा जायसवाल, सरपंच कृष्ण कुमार यादव, उपसरपंच राजीव कुमार उर्फ मनोज कुमार, समाजसेवी मुन्ना मंडल, अरविंद यादव तथा वार्ड सदस्य सह चिकित्सक डॉ. मन्नी झा मौजूद रहे। मुख्य अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद फीता काटकर फाइनल मैच का उद्घाटन किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
फाइनल मुकाबला कमरगंज और जहांगीरा की टीमों के बीच खेला गया। टॉस जीतकर कमरगंज टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। निर्धारित 14 ओवर के मुकाबले में कमरगंज के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 161 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। हालांकि पूरी टीम 14 ओवर में ऑल आउट हो गई, लेकिन टीम ने मजबूत लक्ष्य विपक्षी टीम के सामने रखा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जहांगीरा की टीम ने भी संघर्षपूर्ण खेल दिखाया, लेकिन कमरगंज के गेंदबाजों की सधी हुई गेंदबाजी के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी। जहांगीरा की टीम 14 ओवर में 9 विकेट खोकर केवल 130 रन ही बना सकी। इस तरह कमरगंज की टीम ने 31 रन से शानदार जीत दर्ज कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया।
मैच समाप्त होने के बाद मुख्य अतिथियों द्वारा विजेता टीम कमरगंज को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया, वहीं उपविजेता टीम जहांगीरा के खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहन पुरस्कार दिया गया।
इस पूरे टूर्नामेंट को सफल बनाने में योगेश कुमार, रोशन कुमार, छोटू कुमार, मुकेश साह, नंदन कुमार, आयोजक फिरोज कुमार, ओम कुमार और अभिषेक कुमार सहित दर्जनों खिलाड़ियों एवं ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में काफी उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
