भागलपुर के दाऊदवाट इलाके में रसोई गैस लेने के लिए सोमवार सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। गैस एजेंसी के बाहर लंबी-लंबी कतारों में खड़े उपभोक्ता अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। अचानक बढ़ी भीड़ के कारण कई लोगों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ा, जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी भी देखी गई।

 

कई उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्होंने पहले से गैस सिलेंडर की बुकिंग करा रखी है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें समय पर गैस नहीं मिल पा रही है। लोगों का कहना है कि सुबह से ही एजेंसी के बाहर भारी भीड़ लग गई है और वितरण की प्रक्रिया काफी धीमी होने के कारण परेशानी बढ़ गई है।

 

कुछ उपभोक्ताओं ने यह भी शिकायत की कि गैस वितरण के दौरान उनके मोबाइल फोन पर ओटीपी नहीं आ रहा है, जिसकी वजह से उन्हें सिलेंडर प्राप्त करने में दिक्कत हो रही है। कई लोगों ने बताया कि घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी उन्हें गैस नहीं मिल सकी और उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा।

 

वहीं दूसरी ओर एचपी गैस के डिस्ट्रीब्यूटर ने गैस की कमी की खबरों को पूरी तरह अफवाह बताया है। उनका कहना है कि मध्य-पूर्व में चल रहे युद्ध की खबरों के बाद लोगों में डर का माहौल बन गया है। इसी कारण बड़ी संख्या में लोग एक साथ गैस लेने पहुंच रहे हैं, जिससे एजेंसी पर अनावश्यक भीड़ बढ़ रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से धैर्य रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

 

इधर स्थिति को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क हो गया है। संभावित आपूर्ति संकट और जमाखोरी को रोकने के लिए भागलपुर अनुमंडल क्षेत्र में 22 मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इन मजिस्ट्रेटों की निगरानी में गैस गोदामों से सिलेंडरों का वितरण कराया जा रहा है। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

 

सदर एसडीओ विकास कुमार ने बताया कि सभी दंडाधिकारियों को संबंधित गैस एजेंसियों पर पहुंचकर अपनी निगरानी में गैस वितरण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और अफवाहों से बचें, जरूरत के अनुसार सभी उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *