सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को नाला के आमबागान चौक पर विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला परिवहन विभाग की सड़क सुरक्षा टीम ने नेशनल रोड सेफ्टी एंड स्किल डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन के सहयोग से यह अभियान आयोजित किया।
बताया गया कि 10 दिवसीय विशेष अभियान की शुरुआत 3 अगस्त से हुई है, जो 13 अगस्त तक चलेगा। अभियान के दौरान आमबागान चौक पर वाहन चालकों को रोककर यातायात नियमों की जानकारी दी गई और सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की गई।
इस दौरान दर्जनों दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के बीच जागरूकता सामग्री का वितरण किया गया। खासकर दोपहिया और साइकिल सवारों को रात के समय सड़क पर दिखाई देने और दुर्घटनाओं से बचाने के लिए सेफ्टी जैकेट और रेडियम स्टीकर दिए गए। इसके अलावा लोगों के बीच जागरूकता पंपलेट भी बांटे गए।
परिवहन विभाग, जामताड़ा के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में वाहन चालकों और आम लोगों को ‘सड़क सुरक्षा अपनाएं, सुरक्षित जीवन पाएं’ का संकल्प दिलाया गया। अधिकारियों ने लोगों को समझाया कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। तेज रफ्तार, शराब या अन्य नशे की हालत में वाहन चलाना तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करना सड़क हादसों की प्रमुख वजहों में शामिल है।
अधिकारियों ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और दोपहिया वाहन पर हेलमेट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की अपील की।
अभियान में चीफ प्रोजेक्ट ऑफिसर बिनय कुमार मलिक, प्रोजेक्ट ऑफिसर बिक्रम पात्रा, एचआर समंता कुमार जाना और नाला थाना के एएसआई निताई दास समेत अन्य लोग मौजूद रहे। पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने वाहन चालकों को रोक-रोककर सड़क सुरक्षा के नियम समझाए।
स्थानीय लोगों ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण इलाकों में इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित होने चाहिए। इससे लोगों में यातायात नियमों के प्रति समझ बढ़ेगी और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलेगी।
संवाददाता — संतोष कुमार, जामताड़ा





