
जामताड़ा।ग्रामीणों ने नदी से निकालकर बचाई जान, नाला पुलिस ने इलाज के बाद परिजनों को सौंपा नाला थाना क्षेत्र के पाथरघाटा गांव के समीप अजय नदी में बहते हुए मिले अज्ञात युवक की पहचान हो गई है। युवक पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान जिले का रहने वाला है और पिछले दो दिनों से अपने घर से लापता था। ग्रामीणों की तत्परता से उसकी जान बचाई गई, जबकि नाला पुलिस ने इलाज कराने के बाद पहचान सत्यापित कर उसे परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, बीते गुरुवार को पाथरघाटा गांव के समीप कुछ चरवाहों ने अजय नदी में एक व्यक्ति को बहते हुए देखा। युवक को नदी में बहता देखकर ग्रामीणों ने तत्काल मदद की और उसे नदी से बाहर निकाला। इसके बाद घटना की सूचना नाला थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विकास कुमार यादव के निर्देश पर एसआई हेमकांत ठाकुर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नाला पहुंचाया, जहां उसका इलाज कराया गया। युवक की हालत ऐसी थी कि वह अपना नाम और पता बताने की स्थिति में नहीं था। इसके बाद पुलिस ने उसकी पहचान और परिजनों की तलाश शुरू की।
पुलिस के लगातार प्रयास के बाद शुक्रवार को युवक की पहचान राजकुमार ठाकुर, पिता मथुरा ठाकुर, निवासी नॉर्थ सियारसोल, थाना जामुड़िया, जिला पश्चिम बर्दवान, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार राजकुमार ठाकुर पिछले दो दिनों से अपने घर से लापता था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।
पहचान सत्यापित होने के बाद नाला पुलिस ने युवक को उसके परिजनों को सौंप दिया। युवक के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।
घटना में ग्रामीणों की तत्परता और नाला पुलिस की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है। ग्रामीणों ने समय रहते युवक को नदी से बाहर निकालकर उसकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई, जबकि पुलिस ने इलाज कराने के साथ उसकी पहचान सुनिश्चित कर उसे परिजनों तक पहुंचाया।
संवाददाता : संतोष कुमार, जामताड़ा।





