सावन की दूसरी सोमवारी पर सुल्तानगंज में आस्था और भक्ति की ऐसी तस्वीर देखने को मिली, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। कांवड़ लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर बढ़ रहे शिवभक्तों के स्वागत में पहली बार हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। आसमान से बरसते फूल और नीचे कांधे पर कांवड़ लिए श्रद्धालुओं का हुजूम देखते ही देखते पूरे माहौल को भक्तिमय बना गया।
हेलिकॉप्टर ने जैसे ही कांवड़िया पथ के ऊपर उड़ान भरी, श्रद्धालुओं पर फूलों की बारिश शुरू हो गई। कांवड़ियों के हाथों में गंगाजल, कांधे पर कांवड़ और जुबां पर ‘बोल बम’ का जयघोष था। ऊपर से बरसते फूलों ने इस दृश्य को और भी खास बना दिया। पुष्प वर्षा शुरू होते ही कांवड़ियों में उत्साह देखते ही बना और हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
बताया गया कि नमामि गंगे घाट से लेकर अजगैबीनाथ मंदिर और कच्ची कांवड़िया पथ के असरगंज इलाके तक हेलिकॉप्टर के जरिए कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की गई। करीब 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ को गंगाजल अर्पित करने जा रहे शिवभक्तों के लिए यह पल बेहद यादगार रहा।
सावन की दूसरी सोमवारी पर सुल्तानगंज में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। बड़ी संख्या में कांवड़िया गंगाजल लेकर अपनी यात्रा पर रवाना हुए। प्रशासन की ओर से की गई पुष्प वर्षा की विशेष व्यवस्था ने श्रावणी मेले की भव्यता में एक और रंग जोड़ दिया।
इस दौरान जिलाधिकारी अलंकृता पांडे और एसएसपी ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर कांवड़िया पथ, घाट और भीड़ प्रबंधन का जायजा लिया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
सुल्तानगंज में आसमान से बरसते फूल, कांवड़ियों का उत्साह और गूंजता ‘हर-हर महादेव’ का जयघोष सावन की दूसरी सोमवारी को खास बना गया। आस्था और स्वागत का यह अनोखा दृश्य कांवड़ियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए भी लंबे समय तक यादगार रहेगा।






