उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से सास-बहू के विवाद का एक अनोखा मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है। बताया जा रहा है कि गैस की कमी को लेकर शुरू हुआ एक छोटा सा घरेलू विवाद इतना बढ़ गया कि बहू सीधे शिकायत लेकर थाने पहुंच गई।
मिली जानकारी के अनुसार मैनपुरी के करहल क्षेत्र में रहने वाले एक परिवार में गैस सिलेंडर की कमी को लेकर सास और बहू के बीच कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि सास ने घर में गैस की कमी का हवाला देते हुए बहू से गैस कम जलाने और जरूरत पड़ने पर मिट्टी के चूल्हे पर खाना बनाने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
बहू का आरोप है कि उसकी सास उसे गैस चूल्हे पर खाना बनाने नहीं दे रही थी और लगातार मिट्टी के चूल्हे पर खाना बनाने का दबाव बना रही थी। बहू का कहना था कि उसने टीवी पर देखा है कि गैस की कोई कमी नहीं है, फिर भी उसे गैस इस्तेमाल करने से रोका जा रहा है।
बताया जा रहा है कि बात बढ़ने पर बहू नाराज हो गई और सीधे थाने पहुंचकर सास के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की। जब बहू ने पुलिस को पूरी घटना बताई तो वहां मौजूद पुलिसकर्मी भी इस मामले को सुनकर हैरान रह गए।
पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद इसे पारिवारिक विवाद बताते हुए समझदारी से मामला सुलझाने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने बहू को समझाया कि इतनी छोटी बात को लेकर थाने आने की जरूरत नहीं थी और घर में बैठकर आपसी बातचीत से ही इसका हल निकाला जा सकता था।
वहीं पुलिस ने सास को भी समझाया कि घर में शांति बनाए रखना जरूरी है और आपसी तालमेल से ही परिवार चलता है। पुलिस की समझाइश के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से विवाद खत्म करने का फैसला लिया।
फिलहाल पुलिस की मध्यस्थता से सास-बहू के बीच का यह विवाद शांत हो गया, लेकिन यह घटना इलाके में चर्चा का विषय जरूर बन गई है। लोग इसे एक छोटे से घरेलू मुद्दे का बड़ा रूप लेने का उदाहरण मान रहे हैं।
