
औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले से प्रेम प्रसंग और शादी से जुड़ा एक दिलचस्प मामला सामने आया है। अम्बा थाना क्षेत्र में झारखंड बॉर्डर के पास स्थित एरकी उत्पाद विभाग चेकपोस्ट पर उस समय हंगामा मच गया, जब ड्यूटी पर तैनात बिहार पुलिस के एक सिपाही से उसकी प्रेमिका आकर उलझ गई। विवाद बढ़ने पर मौके पर भीड़ जुट गई और किसी ने डायल 112 पर इसकी सूचना दे दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले गई।
पूछताछ में पता चला कि युवती समस्तीपुर की रहने वाली पूजा कुमारी है, जबकि सिपाही अंकेश कुमार भी समस्तीपुर जिले का रहने वाला है। दोनों की पहचान स्कूल के दिनों से थी। पढ़ाई के दौरान उनकी दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। बताया जाता है कि अंकेश ने ही पूजा को प्रपोज किया था। शुरुआत में पूजा ने इनकार कर दिया, लेकिन बाद में दोनों के बीच रिश्ता कायम हो गया।
करीब तीन साल पहले अंकेश का बिहार पुलिस में सिपाही पद पर चयन हो गया। नौकरी लगने के बाद दोनों की मुलाकातें कम हो गईं, हालांकि फोन पर बातचीत जारी रही। इसी बीच पूजा के घरवालों ने उसकी शादी के लिए रिश्ता देखना शुरू किया। पूजा ने अपने परिवार को अंकेश के बारे में बताया और परिवार भी इस रिश्ते के लिए तैयार हो गया। लेकिन आरोप है कि नौकरी लगने के बाद अंकेश ने शादी से इनकार कर दिया।
पूजा को जब पता चला कि अंकेश की शादी कहीं और तय हो रही है, तो वह बिना परिवार को बताए करीब 250 किलोमीटर का सफर तय कर औरंगाबाद पहुंच गईं और सीधे चेकपोस्ट पर ड्यूटी कर रहे अंकेश के सामने जा पहुंचीं। दोनों के बीच विवाद के बाद पुलिस ने उन्हें थाने बुलाया।
अम्बा थानाध्यक्ष राहुल राज के अनुसार, दोनों बालिग हैं और पहले से प्रेम संबंध में थे। पुलिस ने दोनों के परिजनों को सूचना देकर थाने बुलाया। परिजनों की मौजूदगी और सहमति के बाद स्थानीय सतबहिनी मंदिर परिसर में दोनों का विवाह करा दिया गया। शादी के बाद दोनों परिवारों की सहमति से मामला शांत हो गया।





