झारखंड के पलामू जिले से एक बेहद प्रेरणादायक और दिल छू लेने वाली तस्वीर सामने आई है, जहां एक नवविवाहिता ने शादी की विदाई के तुरंत बाद सीधे परीक्षा केंद्र पहुंचकर शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का अनोखा उदाहरण पेश किया। लाल जोड़े में सजी दुल्हन को जब कॉलेज परिसर में देखा गया तो वहां मौजूद छात्र-छात्राएं, शिक्षक और स्थानीय लोग हैरान रह गए।

 

यह अनोखी घटना पलामू जिले के मणिका स्थित डिग्री कॉलेज की है। जानकारी के अनुसार 12 मार्च की सुबह नवविवाहिता की शादी की सभी रस्में पूरी हुईं और इसके बाद उसकी विदाई हुई। उसी दिन बीए फर्स्ट सेमेस्टर की पॉलिटिकल साइंस की परीक्षा भी निर्धारित थी। पढ़ाई को लेकर दुल्हन का जज्बा इतना मजबूत था कि विदाई के तुरंत बाद वह अपने पति के साथ कार में बैठकर सीधे परीक्षा केंद्र के लिए रवाना हो गई।

 

जैसे ही दूल्हा-दुल्हन की कार कॉलेज परिसर में पहुंची, वहां मौजूद लोगों की नजरें उन पर टिक गईं। हाथों में मेहंदी, माथे पर सिंदूर और लाल जोड़े में सजी दुल्हन को देखकर हर कोई हैरान रह गया। कॉलेज में मौजूद कई लोगों ने इस खास पल को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। कुछ ही देर में यह दृश्य पूरे परिसर में चर्चा का विषय बन गया।

 

डिग्री कॉलेज मणिका के शिक्षक मनीष तिवारी ने बताया कि दुल्हन पूरी तरह आत्मविश्वास से भरी हुई थी। भीड़ और लोगों की जिज्ञासा के बावजूद उसने बिना किसी हिचकिचाहट के सीधे परीक्षा कक्ष में प्रवेश किया और अपनी परीक्षा देने में जुट गई। इस दौरान उसका पति परीक्षा केंद्र के बाहर इंतजार करता रहा।

 

कॉलेज परिसर में भीड़ बढ़ने लगी तो पुलिस को व्यवस्था संभालनी पड़ी, ताकि अन्य परीक्षार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना समाज के लिए एक सकारात्मक और प्रेरणादायक संदेश देती है। शादी जैसी बड़ी जिम्मेदारी के बीच भी इस नवविवाहिता ने यह साबित कर दिया कि शिक्षा का महत्व सबसे ऊपर है। उसका यह कदम बेटियों के हौसले और शिक्षा के प्रति समर्पण का बेहतरीन उदाहरण बन गया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *