बिहार के सहरसा जिले में कोसी और मिथिला क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को समर्पित कोसी महोत्सव 2026 का आज भव्य आगाज़ हो गया। सहरसा स्टेडियम में आयोजित इस दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत पूरे उत्साह और उमंग के साथ हुई। कार्यक्रम में जिले के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, कलाकार और बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद रहे।
महोत्सव का उद्घाटन जिलाधिकारी सहित कई प्रशासनिक अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कोसी महोत्सव न सिर्फ एक सांस्कृतिक उत्सव है, बल्कि यह कोसी और मिथिला क्षेत्र की पहचान, परंपरा और लोक कला को जीवित रखने का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन स्थानीय कलाकारों को मंच देने के साथ-साथ क्षेत्र की संस्कृति और पर्यटन को भी बढ़ावा देते हैं।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में आज सहरसा में आयोजित माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जनसंवाद कार्यक्रम का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और इसके लिए जिले की जागरूक जनता का विशेष योगदान रहा। उन्होंने इसके लिए सभी जिलेवासियों को धन्यवाद भी दिया।
महोत्सव के पहले दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति ने लोगों का मन मोह लिया। जिला कला एवं संस्कृति विभाग की पदाधिकारी स्नेहा कुमारी ने अपनी सुरीली आवाज से मंच पर ऐसा समां बांधा कि पूरा स्टेडियम तालियों से गूंज उठा। उनकी गायकी ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए और दर्शकों ने भी भरपूर आनंद लिया।
बता दें कि 13 और 14 मार्च तक चलने वाले इस महोत्सव में कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। इसमें प्रसिद्ध पार्श्व गायक विनोद राठौर सहित कई नामी कलाकार और स्थानीय प्रतिभाएं अपनी प्रस्तुति देंगे।
कोसी महोत्सव का उद्देश्य कोसी और मिथिला क्षेत्र की लोक संस्कृति, संगीत, कला और परंपराओं को एक मंच पर लाना है। ऐसे आयोजनों से जहां स्थानीय कलाकारों को पहचान मिलती है, वहीं नई पीढ़ी को भी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने का अवसर मिलता है।
