भागलपुर के बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय किसान मेला–सह–प्रदर्शनी 2026 की तैयारियाँ जोर–शोर से चल रही हैं। विश्वविद्यालय परिसर में 16 से 18 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय किसान मेले को लेकर प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियाँ की जा रही हैं। इस मेले में किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, कृषि उद्यमियों, छात्र–छात्राओं तथा कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न संस्थानों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
इस वर्ष किसान मेले का मुख्य विषय “दलहन–तिलहन उत्पादन में वृद्धि द्वारा पोषण एवं खाद्य सुरक्षा” रखा गया है। इस विषय के माध्यम से किसानों को दलहन और तिलहन की उन्नत खेती, नई किस्मों तथा उत्पादन बढ़ाने की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जाएगी, जिससे प्रदेश और देश में पोषण और खाद्य सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके।
किसान मेले में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण गतिविधियाँ आयोजित होंगी। किसानों को जलवायु के अनुकूल उन्नत फसल किस्मों, आधुनिक कृषि तकनीकों, छोटे और उपयोगी कृषि उपकरणों, मिट्टी और जल संरक्षण की तकनीकों, आधुनिक सिंचाई प्रणालियों तथा कृषि यंत्रीकरण से जुड़े नवीन समाधानों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही किसानों को कृषि आधारित उद्यमिता के अवसरों से भी अवगत कराया जाएगा।
मेले के दौरान किसानों और वैज्ञानिकों के बीच सीधा संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें किसान अपनी समस्याओं को सीधे कृषि वैज्ञानिकों के सामने रख सकेंगे और उनके व्यावहारिक समाधान प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा मेले में उन्नत बीज और पौध सामग्री, कृषि जैव उत्पाद, कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी, पशु प्रदर्शनी, पुष्प प्रदर्शनी और उद्यान प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
इस संबंध में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. डी. आर. सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय किसान मेला किसानों, वैज्ञानिकों और कृषि उद्यमियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है। इसके माध्यम से किसानों को नई कृषि तकनीकों, उन्नत किस्मों और कृषि आधारित उद्यमिता की जानकारी मिलेगी। उन्होंने बिहार सहित आसपास के राज्यों के किसानों से अधिक से अधिक संख्या में मेले में भाग लेने की अपील की है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी किसानों, कृषि उद्यमियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों से आग्रह किया है कि वे 16 से 18 मार्च 2026 तक आयोजित इस किसान मेले में भाग लेकर इसे सफल बनाएं।
