बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी समृद्धि यात्रा के दौरान आज सहरसा पहुंचे, जहां उन्होंने जनसंवाद कार्यक्रम में भाग लिया। सहरसा पहुंचने के बाद सबसे पहले मुख्यमंत्री ने शहर में बन रहे आरओबी का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इसके बाद वह सीधे जनसभा स्थल पहुंचे, जहां हजारों की संख्या में मौजूद लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
सभा की शुरुआत उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संबोधन से हुई। उन्होंने सहरसा सहित पूरे बिहार में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले का बिहार और आज का बिहार पूरी तरह बदल चुका है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार का व्यापक विकास हुआ है। एक समय था जब लोग बिजली के लिए तरसते थे, लेकिन आज हर गांव और हर घर तक बिजली पहुंच चुकी है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के कारण आज बिहार के दूर-दराज गांव भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ चुके हैं। पहले जिन रास्तों पर जाने के लिए लोग कई बार सोचते थे, वहां आज बेहतर सड़कें बन चुकी हैं। अब लोग रात में भी बेखौफ होकर यात्रा कर सकते हैं और 24 घंटे आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंच से जनसभा को संबोधित करते हुए अपने कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर तंज कसते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब शाम होते ही लोग घरों में सिमट जाते थे। लोगों को सलाह दी जाती थी कि अंधेरा होने के बाद बाहर न निकलें, लेकिन उनकी सरकार ने कानून व्यवस्था को मजबूत कर लोगों को सुरक्षित माहौल दिया है।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में हुए बदलावों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले बच्चियों की पढ़ाई पर ध्यान नहीं दिया जाता था, लेकिन उनकी सरकार ने छात्राओं को साइकिल, पोशाक और प्रोत्साहन राशि देकर शिक्षा को बढ़ावा दिया। आज हर स्कूल में विषयवार शिक्षक उपलब्ध कराने की दिशा में भी लगातार काम हो रहा है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सहरसा जिले के लिए बड़ी सौगात का भी ऐलान किया। उन्होंने बताया कि आज कुल 512 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 125 परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और कार्यारंभ किया जाएगा। इन योजनाओं के लागू होने से जिले के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
