मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सहरसा आगमन को लेकर जिले में जबरदस्त उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। कार्यक्रम स्थल के आसपास बड़ी संख्या में लोग सुबह से ही जुटने लगे हैं। कोई मुख्यमंत्री का स्वागत करने पहुंचा है तो कोई उन्हें एक झलक देखने के लिए बेताब दिखाई दे रहा है। लोगों के बीच खुशी के साथ-साथ भावुकता भी साफ तौर पर नजर आ रही है।

 

सहरसा के रहने वाले सुरेश कुमार जायसवाल ने मुख्यमंत्री की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को यूं ही विकास पुरुष नहीं कहा जाता। उनके नेतृत्व में बिहार में काफी बदलाव देखने को मिला है। उन्होंने बताया कि सहरसा में आज जो भी विकास कार्य नजर आ रहे हैं, उसमें मुख्यमंत्री की बड़ी भूमिका रही है। चाहे सड़कों का निर्माण हो, बिजली व्यवस्था में सुधार हो या फिर वर्षों से लंबित ओवरब्रिज की मांग—इन सभी योजनाओं को पूरा करने में सरकार ने अहम भूमिका निभाई है।

 

वहीं नारियार की रहने वाली गुलाब देवी मुख्यमंत्री को लेकर काफी भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि हम लोग मुख्यमंत्री को विदाई देने आए हैं। उन्होंने बिहार के विकास के लिए बहुत काम किया है और आम लोगों के जीवन को बेहतर बनाने का प्रयास किया है। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें राज्यसभा जाना चाहिए, तो उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वे नहीं चाहतीं कि मुख्यमंत्री सहरसा और बिहार की जनता से दूर जाएं।

 

उधर स्थानीय निवासी रोशन सिंह धोनी ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करीब 500 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात लेकर सहरसा पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि सहरसा की जनता मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में यहां पहुंची है। लोगों को लग रहा है कि मुख्यमंत्री के रूप में यह शायद उनका सहरसा का अंतिम दौरा हो सकता है।

 

हालांकि लोगों को उम्मीद है कि भविष्य में वे और बड़े पद पर पहुंचकर फिर से सहरसा आएंगे। फिलहाल सहरसा की जनता अपने प्रिय मुख्यमंत्री की एक झलक पाने और उनका स्वागत करने के लिए उत्साहित और भावुक दोनों दिखाई दे रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *