अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भागलपुर नगर निगम की ओर से शहर के विकास और जनकल्याण से जुड़ी कई पहल की गईं। इस खास मौके पर भागलपुर की महापौर डॉ. वसुंधरा लाल और उप-महापौर डॉ. मो. सलाहुद्दीन अहसन ने संयुक्त रूप से वार्ड संख्या 21 में नवनिर्मित ‘पियाऊ’ का उद्घाटन किया।
यह पियाऊ शंकर टॉकीज घाट किनारे और गोनर लाल लेन हरिजन टोला क्षेत्र में बनाया गया है। पंचम राज्य वित्त आयोग योजना के अंतर्गत करीब 14 लाख 65 हजार रुपये की लागत से इसका निर्माण कराया गया है। इस पियाऊ का मुख्य उद्देश्य शहर के आम लोगों और राहगीरों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराना है।
उद्घाटन के दौरान महापौर डॉ. वसुंधरा लाल ने कहा कि नगर निगम लगातार शहर के विकास और नागरिकों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में राहगीरों और स्थानीय लोगों को स्वच्छ पानी की सुविधा मिले, इसी उद्देश्य से इस पियाऊ का निर्माण कराया गया है।
कार्यक्रम के बाद महिला दिवस के अवसर पर महापौर और उप-महापौर ने वार्ड के स्लम क्षेत्रों का भी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जरूरतमंद महिलाओं के बीच वस्त्र वितरण किया और उनके साथ बातचीत कर उनकी समस्याओं को भी सुना।
महापौर डॉ. वसुंधरा लाल ने इस मौके पर कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण ही समाज की वास्तविक प्रगति का आधार है। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं को सम्मान और अवसर मिलना जरूरी है, तभी समृद्ध और संतुलित समाज का निर्माण संभव है।
वहीं उप-महापौर डॉ. मो. सलाहुद्दीन अहसन ने भी वार्ड के विकास और जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर के हर वर्ग के लोगों के लिए सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
इस कार्यक्रम में वार्ड पार्षद संजय कुमार सिन्हा, नगर निगम के कई अधिकारी और स्थानीय गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने नगर निगम की इस पहल की सराहना की।
