टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खिताबी जंग जारी है। इस बड़े मुकाबले में भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए इतिहास रच दिया। संजू सैमसन का बल्ला फाइनल में जमकर बोला और उन्होंने सिर्फ 46 गेंदों में 89 रनों की तूफानी पारी खेलकर कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।
संजू सैमसन ने अपनी इस शानदार पारी के दौरान 193 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। उन्होंने 5 चौके और 8 गगनचुंबी छक्के लगाए। मैदान के चारों ओर शॉट्स लगाते हुए संजू ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर खबर ली और भारतीय टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।
संजू सैमसन ने ओपनर अभिषेक शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 98 रनों की बेहतरीन साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और पावरप्ले में ही न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। पावरप्ले के 6 ओवर में दोनों ने मिलकर 92 रन जोड़ दिए, जो टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में पावरप्ले के दौरान बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर बन गया।
इसके बाद संजू सैमसन ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 105 रनों की शानदार साझेदारी की और टीम इंडिया की पारी को मजबूती दी।
संजू सैमसन टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के मार्लोन सैमुअल्स का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 2016 के फाइनल में 85 रन बनाए थे। इसके साथ ही संजू टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत की ओर से सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं और उन्होंने विराट कोहली का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया है।
इतना ही नहीं, संजू सैमसन टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सेमीफाइनल और फाइनल दोनों में अर्धशतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि सिर्फ विराट कोहली और शाहिद अफरीदी के नाम थी।
इसके अलावा संजू ने इस वर्ल्ड कप में लगातार तीन अर्धशतकीय पारियां खेलकर विराट कोहली, बाबर आजम और केएल राहुल की बराबरी भी कर ली है। वहीं 2026 टी20 वर्ल्ड कप में अब तक 24 छक्के लगाकर वह एक संस्करण में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं।
