मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में ATM कार्ड बदलकर लोगों के बैंक खातों से रुपये उड़ाने वाले गिरोह के खिलाफ अहियापुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से अलग-अलग बैंकों के 69 ATM कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सन्नी बाबा उर्फ रिशु कुमार ठाकुर के रूप में हुई है, जो अहियापुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है।
डीएसपी विनीता सिन्हा ने बताया कि 7 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि ATM कार्ड बदलकर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का एक सदस्य इलाके में सक्रिय है। सूचना के आधार पर अहियापुर थाना पुलिस ने इंद्रा नर्सिंग होम के पीछे छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसके घर की तलाशी ली गई, जहां से 69 ATM कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह 10 से 15 लोगों के गिरोह के साथ मिलकर ATM फ्रॉड करता था। गिरोह के दो-तीन सदस्य ATM के अंदर ग्राहक बनकर खड़े रहते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति रुपये निकालने पहुंचता और उसे ATM चलाने में परेशानी होती, आरोपी मदद करने के बहाने उसका कार्ड ले लेते थे।
इसके बाद आरोपी असली ATM कार्ड को चालाकी से दूसरे कार्ड से बदल देता था और ग्राहक को इसकी जानकारी नहीं होने देता था। ग्राहक के वहां से चले जाने के बाद गिरोह के सदस्य असली कार्ड का इस्तेमाल कर उसके बैंक खाते से रुपये निकाल लेते थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी और उसके गिरोह की अलग-अलग थानों में दर्ज दो दर्जन से अधिक मामलों में संदिग्ध भूमिका सामने आई है। अहियापुर क्षेत्र में ATM धोखाधड़ी के 10 से 15 और मामलों के खुलासे की संभावना जताई गई है।
आरोपी पहले शराब से जुड़े मामले में जेल जा चुका है। औराई थाना क्षेत्र के ATM फ्रॉड मामले में भी उसके जेल जाने की जानकारी मिली है। पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिसके आधार पर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस अब बरामद ATM कार्ड के धारकों से संपर्क कर रही है। उनके बयान दर्ज कर यह पता लगाया जाएगा कि उनके साथ किस तरह धोखाधड़ी हुई थी। पुलिस ने मिली जानकारी जिले के अन्य थानों के साथ भी साझा की है और गिरोह के बाकी सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।





