संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 के घोषित परिणाम में बिहार के भोजपुर जिले की बेटी आकांक्षा सिंह ने शानदार सफलता हासिल की है। आकांक्षा सिंह, जो रणवीर सेना के सुप्रीमो रहे स्वर्गीय ब्रह्मेश्वर मुखिया की पोती हैं, ने ऑल इंडिया 301वीं रैंक हासिल कर अपने परिवार और पूरे जिले का नाम रोशन किया है। दूसरे ही प्रयास में मिली इस सफलता ने उनकी मेहनत, लगन और संकल्प को साबित कर दिया है।

 

आकांक्षा सिंह का चयन भारतीय राजस्व सेवा (IRS) के लिए हुआ है, हालांकि उनका लक्ष्य भारतीय विदेश सेवा (IFS) में जाकर देश का प्रतिनिधित्व करना है। उन्होंने कहा कि बेहतर रैंक हासिल करने के लिए वह आगे भी प्रयास जारी रखेंगी।

 

आकांक्षा भोजपुर जिले के आरा शहर के कतिरा मोहल्ले की निवासी हैं और इंदुभूषण सिंह की पुत्री हैं। उनकी शुरुआती पढ़ाई आरा के कैथोलिक मिशन स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने एचडी जैन कॉलेज से अंग्रेजी साहित्य में स्नातक की डिग्री हासिल की। ग्रेजुएशन के बाद वह दिल्ली चली गईं और वहीं रहकर यूपीएससी की तैयारी शुरू की।

 

उनका यह सफर आसान नहीं था। पहले प्रयास में वह प्रारंभिक परीक्षा पास नहीं कर सकीं। लेकिन असफलता के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अपनी तैयारी को और मजबूत किया। रोजाना 8 से 10 घंटे की पढ़ाई और लगातार मेहनत के दम पर उन्होंने दूसरे प्रयास में यह बड़ी सफलता हासिल की।

 

आकांक्षा की सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है। उनके दादा इंदुभूषण सिंह ने बताया कि स्वर्गीय ब्रह्मेश्वर मुखिया हमेशा चाहते थे कि परिवार से कोई सिविल सेवा में जाए। पोती की इस उपलब्धि ने उनका सपना साकार कर दिया है। मां रिंकू सिंह ने भी बेटी की सफलता पर गर्व जताते हुए कहा कि यह पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण है।

 

आकांक्षा ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के सहयोग, दादा से मिली प्रेरणा और अपनी कड़ी मेहनत को दिया है। उन्होंने कहा कि वह कूटनीतिक स्तर पर देश की वैश्विक छवि को मजबूत करने में योगदान देना चाहती हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *