कहते हैं पंखों से नहीं, हौसलों से उड़ान होती है और जिनके सपनों में जान होती है, वही उन्हें सच कर दिखाते हैं। इन पंक्तियों को सच साबित करते हुए उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले की रहने वाली प्राची शेखर सोनी ने संघर्ष, धैर्य और कड़ी मेहनत के दम पर यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया 680वीं रैंक हासिल कर बड़ी सफलता प्राप्त की है। कई असफलताओं के बाद पांचवें प्रयास में मिली इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि मेहनत करने वालों की कभी हार नहीं होती।
गोंडा जिले के छपिया ब्लॉक के हथियागढ़ गांव की निवासी प्राची शेखर सोनी ने अपने अथक प्रयासों से यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता की खबर मिलते ही परिवार, गांव और पूरे जिले में खुशी का माहौल है। लोग इसे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण मान रहे हैं।
प्राची के पिता कृष्ण कुमार सहायक अध्यापक हैं, जबकि उनकी मां सरोज सोनी गृहिणी हैं। प्राची की प्रारंभिक शिक्षा हथियागढ़ स्थित गर्ग परफेक्ट कॉलेज से हुई, जहां उन्होंने कक्षा 1 से 8 तक पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2014 में डीएवी इंटर कॉलेज आईटीआई मनकापुर से हाईस्कूल की परीक्षा पास की और 2016 में यहीं से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने विश्नोहरपुर स्थित लखन लाल शरण सिंह महाविद्यालय से बीएससी की डिग्री हासिल की।
यूपीएससी की राह उनके लिए बिल्कुल आसान नहीं रही। शुरुआती तीन प्रयासों में वह प्रारंभिक परीक्षा भी पास नहीं कर सकीं। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत करती रहीं। चौथे प्रयास में उन्होंने मुख्य परीक्षा पास कर इंटरव्यू तक का सफर तय किया, लेकिन अंतिम चयन में जगह नहीं बना सकीं। अंततः पांचवें प्रयास में उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने ऑल इंडिया 680वीं रैंक हासिल कर अपना सपना साकार कर लिया।
प्राची का परिवार भी शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। उनके बड़े भाई कीर्ति शेखर सोनी एमबीबीएस डॉक्टर हैं, जबकि छोटी बहन प्रज्ञा शेखर सोनी मेडिकल की पढ़ाई कर रही हैं और सबसे छोटी बहन अपूर्व शेखर सोनी इंटरमीडिएट में अध्ययनरत हैं।
वर्तमान में प्राची बिहार लोक सेवा आयोग की परीक्षा पास कर बिहार प्रशासन में उप निर्वाचन अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने वर्ष 2024 में बीपीएससी परीक्षा में 69वीं रैंक हासिल की थी। प्राची का कहना है कि सफलता के पीछे उनके माता-पिता का पूरा सहयोग रहा और असफलताओं से घबराने के बजाय लगातार प्रयास करना ही सफलता की असली कुंजी है।
