भागलपुर जिले के बिहपुर प्रखंड अंतर्गत लत्तीपुर उत्तर पंचायत के अमरपुर गांव में स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र की जमीन पर पंचायत सरकार भवन निर्माण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस मामले को लेकर गांव के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को आवेदन देकर जांच कर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग की जमीन पर जबरदस्ती पंचायत सरकार भवन का निर्माण कराया जा रहा है, जिसका पूरे गांव में विरोध हो रहा है।
ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि अमरपुर गांव में स्थित उप-स्वास्थ्य केंद्र इस क्षेत्र के गरीब, दलित, वंचित और असहाय लोगों के इलाज का एकमात्र सरकारी साधन है। यहां कई स्वास्थ्यकर्मी और कर्मचारी पदस्थापित हैं तथा नियमित रूप से ग्रामीणों का इलाज किया जाता है। ग्रामीणों ने यह भी कहा है कि स्वास्थ्य उपकेंद्र की जमीन स्वास्थ्य विभाग, बिहार सरकार के नाम से विधिवत जमाबंदी में दर्ज है।
आवेदन के अनुसार उक्त भूमि का विवरण खाता संख्या 729 तथा खेसरा संख्या 834, 835, 833, 830 और 831 में दर्ज है, जिसकी कुल रकबा करीब 1 एकड़ 82 डिसमील बताई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, बिहपुर द्वारा 13 फरवरी 2026 को अंचल अधिकारी, बिहपुर को आवेदन भी दिया गया था, लेकिन अब तक न तो जमीन की नापी कराई गई और न ही कोई रिपोर्ट उपलब्ध कराई गई है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, भागलपुर द्वारा पहले ही 7 जनवरी 2025 को इस मामले में पत्र भेजा गया था। इसके बावजूद 7 जनवरी 2026 को स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, कार्य प्रमंडल-02 नवगछिया के कार्यपालक अभियंता द्वारा स्वास्थ्य उपकेंद्र को हटाने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र की मांग की गई, जिसे ग्रामीणों ने गलत बताया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिना किसी वैधानिक अनुमति और जांच के स्वास्थ्य विभाग के संचालित भवन को ध्वस्त कर उसी जमीन पर पंचायत सरकार भवन निर्माण का काम शुरू कर दिया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की तत्काल जांच कर निर्माण कार्य पर रोक लगाई जाए, अन्यथा पंचायत की जनता जनआंदोलन करने को बाध्य होगी।
