भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े छिनतई की एक घटना सामने आई है। चौक बाजार स्थित आत्मा बाजार के जीवन वस्त्रालय में कपड़ा खरीदने आए एक ग्राहक से दो मनचले युवकों ने 20 हजार रुपये छीन लिए और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित ग्राहक श्याम रजक, जो महेशी पैन के रहने वाले हैं, कपड़ा खरीदने के लिए सुल्तानगंज शहर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि वे सुल्तानगंज स्थित स्टेट बैंक से 20 हजार रुपये निकालने के बाद आत्मा बाजार के जीवन वस्त्रालय में कपड़ा खरीदने गए थे। इसी दौरान दो युवक उनके पास पहुंचे और मौका पाकर उनके पास रखे 20 हजार रुपये छीनकर तेजी से वहां से फरार हो गए।
घटना के बाद बाजार में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पीड़ित ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय लोगों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सुल्तानगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दी।
पुलिस ने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी युवक पहले से ही ग्राहक की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सके।
इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और लोगों में भी चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की जरूरत है ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
