भागलपुर: जिले के रंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरली गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान मृत्युंजय कुमार, पिता स्वर्गीय चंद्रेश्वरी पंडित, निवासी मुरली, थाना रंगरा, जिला भागलपुर के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल व्याप्त है।
घायल मृत्युंजय कुमार ने बताया कि 1 तारीख की सुबह करीब 8 बजे गांव के ही 8 से 10 लोग उनकी जमीन पर जबरन घर बनाने लगे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में उन्हें सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब जाकर स्थिति काबू में आई।
मृत्युंजय कुमार के अनुसार, उक्त जमीन को लेकर वर्ष 2024 से दीवानी मुकदमा न्यायालय में लंबित है। इसके बावजूद आरोपित पक्ष जबरन निर्माण कार्य करने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने बताया कि जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है और पूर्व में भी कई बार कहासुनी हो चुकी है।
घटना के बाद घायल स्वयं रंगरा थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दी। पुलिस ने उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रंगरा भेजा। वहां स्थिति गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। 2 तारीख से उनका इलाज मायागंज अस्पताल में जारी है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
मामले में जिन लोगों पर आरोप लगाया गया है, उनमें शशिधर सिंह, बजरंगी सिंह, सुबोध सिंह, अशोक सिंह, निर्मला देवी, राखी देवी, सविता देवी, तुलसी कुमार और कपिल देव सिंह शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी एक ही परिवार के सदस्य हैं।
रंगरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
