सहरसा: जिले में अपराध नियंत्रण के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान सहरसा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ₹25 हजार के इनामी और कई गंभीर मामलों में वांछित कुख्यात अपराधी दीपक कुमार उर्फ दीपक यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसके पास से अवैध हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया है।

 

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 3 मार्च 2026 को गुप्त सूचना मिली कि इनामी अपराधी दीपक यादव सदर थाना क्षेत्र के नया बाजार स्थित एक किराये के कमरे में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर सदर थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

 

गिरफ्तारी के बाद की गई तलाशी में उसके पास से दो देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, एक मैगजीन, आठ जिंदा गोलियां, ताला तोड़ने के उपकरण तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद सामान को जब्त कर लिया गया है।

 

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधी कुल सात से अधिक गंभीर मामलों में वांछित था। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और अन्य संगीन धाराओं में विभिन्न थानों में कांड दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी से लंबित मामलों के उद्भेदन में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

 

इस संबंध में सदर थाना में कांड संख्या 230/26 दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस कार्रवाई में एसडीपीओ, थाना अध्यक्ष सहित एसओजी टीम के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *