
सहरसा जिले के महिषी प्रखंड की ग्राम पंचायत कुन्दह से स्वास्थ्य और ग्रामीण सड़क व्यवस्था की बदहाल तस्वीर सामने आई है। पंचायत के वार्ड नंबर 4 और 5 में सड़क की स्थिति खराब होने के कारण तेज प्रसव पीड़ा से परेशान एक गर्भवती महिला को ग्रामीणों ने चारपाई पर लिटाकर एंबुलेंस तक पहुंचाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जो ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं और आवागमन की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
बताया जा रहा है कि 6 अगस्त की दोपहर करीब 3 बजे कुन्दह पंचायत निवासी महारानी कुमारी, पति विकास कुमार पंडित, गर्भावस्था के दौरान तेज दर्द से परेशान थीं। परिजनों ने एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन बदहाल सड़क और जलजमाव के कारण एंबुलेंस उनके घर तक नहीं पहुंच सकी।
इसके बाद ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए महिला को चारपाई पर लिटाया और उसे उठाकर मुख्य सड़क तक ले गए। सड़क तक पहुंचने के बाद महिला को एंबुलेंस में बैठाकर अस्पताल के लिए रवाना किया गया। वायरल वीडियो में ग्रामीणों को पानी और खराब रास्ते के बीच चारपाई के सहारे गर्भवती महिला को ले जाते हुए देखा जा सकता है।
ग्रामीणों के मुताबिक, इस समय क्षेत्र में बाढ़ का खतरा भी बना हुआ है। चारों तरफ पानी फैल जाने से जो थोड़ी-बहुत सड़क बची थी, वह भी पानी के अधीन हो गई है। ऐसे में ग्रामीणों को मुख्य सड़क तक पहुंचने के लिए पानी में पैदल चलना पड़ रहा है। आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना बड़ी चुनौती बन गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि वार्ड नंबर 4 और 5 में आवागमन की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। बरसात और बाढ़ के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए लोगों को इसी तरह जोखिम उठाना पड़ता है।
चारपाई पर गर्भवती महिला को ले जाने की यह तस्वीर सिर्फ एक परिवार की परेशानी नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की कमी की कहानी बयां करती है। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क एवं आवागमन व्यवस्था को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि आपात स्थिति में एंबुलेंस मरीज के घर तक पहुंच सके।
संवाददाता: इन्द्रदेव, सहरसा
मोबाइल: 7992264495





