साइबर अपराध के गढ़ कहे जाने वाले जामताड़ा में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने फतेहपुर और करमाटांड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को ऑनलाइन ठगी करते रंगे हाथ पकड़ा। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन और कई सिम कार्ड भी बरामद किए हैं।
जामताड़ा पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के बाद यह कार्रवाई की गई। पु०नि० मो० फारूक के नेतृत्व में साइबर थाना की विशेष टीम ने फतेहपुर थाना क्षेत्र के बनगढ़ी गांव और करमाटांड़ थाना क्षेत्र के डुमरियाँ के पास पलाश झाड़ इलाके में एक साथ छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने गुलाम मुहम्मद, उम्र 30 वर्ष, निवासी बनगढ़ी और मो० मकबूल अंसारी, उम्र 31 वर्ष, निवासी डुमरियाँ को ऑनलाइन ठगी करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से 7 मोबाइल फोन और 9 सिम कार्ड बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल साइबर ठगी में किया जा रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी दो अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपना शिकार बना रहे थे। पहला, गेमिंग ऐप के ग्राहकों को कॉल कर रिचार्ज के नाम पर झांसा देना और मिले कूपन का इस्तेमाल ऑनलाइन शॉपिंग में करना। इसके अलावा फर्जी बैंक एपीके फाइल डाउनलोड करवाकर लोगों के बैंक खातों से पैसे उड़ाए जाते थे।
दूसरा तरीका यह था कि आरोपी खुद को जियो कस्टमर केयर का कर्मचारी बताकर लोगों से केवाईसी अपडेट करने के नाम पर निजी जानकारी हासिल करते थे और फिर बैंक खातों से ठगी की वारदात को अंजाम देते थे।
इस मामले में साइबर थाना में कांड संख्या 25/26 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस 2023, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार साइबर अपराधियों का नेटवर्क देश के कई राज्यों तक फैला हुआ है और पूरे गिरोह की जांच जारी है।
संवाददाता – संतोष कुमार, जामताड़ा