मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के बेलखोरिया पंचायत स्थित मनियारपुर गांव में मामूली विवाद ने उग्र रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें दोनों ओर से करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना रहा।

 

पहले पक्ष का आरोप है कि उनकी नाश्ते की दुकान पर कुछ लोग जबरन शराब पीने पहुंचते हैं और पैसे मांगने पर गाली-गलौज व मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। उनका कहना है कि इस आदत का विरोध करने पर कथित शराबियों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और हमला कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

 

वहीं दूसरे पक्ष ने आरोप लगाया कि पहले पक्ष द्वारा अवैध शराब और नशीले पदार्थों का कारोबार किया जाता है। उनका कहना है कि जब उन्होंने इस गतिविधि का विरोध किया तो सभी लोग एकजुट होकर लाठी-डंडों से हमला करने लगे, जिससे उनके लोग घायल हुए।

 

दोनों पक्षों ने स्थानीय पुलिस पर नियमित गश्त नहीं होने का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुलिस की लगातार निगरानी हो तो अवैध गतिविधियों पर रोक लग सकती है और गांव में शांति कायम रहेगी। साथ ही कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि नशे की हालत में मनचले युवक गांव की लड़कियों पर तंज कसते हैं, जिससे माहौल बिगड़ता है।

 

मामले में थानाध्यक्ष सफदर अली ने बताया कि देर शाम एक पक्ष की ओर से एक महिला आवेदन लेकर थाने पहुंची थी। दूसरे पक्ष से अब तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मामले की सत्यता की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *