पटना: बिहार में जनगणना 2027 की प्रक्रिया का आगाज आज यानी 17 अप्रैल 2026 से हो गया है। इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल तरीके से कराई जा रही है, जिसमें पहले चरण में लोगों को खुद अपनी जानकारी ऑनलाइन भरने का अवसर दिया गया है। यह स्व-गणना प्रक्रिया 17 अप्रैल से 1 मई 2026 तक चलेगी।

राज्य के लोग घर बैठे आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपने मोबाइल नंबर के जरिए OTP सत्यापन कर परिवार और मकान से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। प्रशासन का कहना है कि इस डिजिटल पहल से समय की बचत होगी और डेटा में त्रुटियों की संभावना भी कम होगी।

इस जनगणना में कुल 33 सवाल पूछे जाएंगे, जिनमें मकान की संरचना, दीवार, छत और फर्श की सामग्री से लेकर घर के उपयोग, स्थिति और स्वामित्व जैसी जानकारी शामिल है। इसके अलावा परिवार के सदस्यों की संख्या, मुखिया का नाम, लिंग, सामाजिक स्थिति, शिक्षा, आय, पानी और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े सवाल भी पूछे जाएंगे।

नई व्यवस्था के तहत इंटरनेट सुविधा, मोबाइल फोन, लैपटॉप, वाहन और घर में उपयोग होने वाले मुख्य अनाज से जुड़े सवाल भी शामिल किए गए हैं। यह जानकारी भविष्य की योजनाओं और नीतियों के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगी।

दूसरे चरण में 2 मई से 31 मई तक मकानों की गिनती और सत्यापन का काम किया जाएगा, जिसमें जियो-रेफरेंसिंग तकनीक का इस्तेमाल होगा। इसके लिए प्रगणकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

पटना जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस एन ने बताया कि जनगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और कर्मियों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षित किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं और सही जानकारी दें।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और इसका उपयोग केवल सरकारी योजनाओं के निर्माण में किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *