मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में हनीट्रैप का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवा बिजनेसमैन को प्रेम जाल में फंसाकर उसके साथ मारपीट, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल और फिर मोटी रकम की अवैध वसूली की गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने युवती समेत उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

पीड़ित आदित्य, उम्र 26 वर्ष, निवासी स्टेशन रोड बदरवास, पेशे से गल्ला व्यापारी है। आदित्य के अनुसार 26 जनवरी को उसके मोबाइल पर एक अनजान युवती का कॉल आया। कॉल करने वाली युवती ने अपना नाम अंजली बताया और दोस्ती करने की बात कही। धीरे-धीरे दोनों के बीच रोज बातचीत होने लगी और विश्वास का माहौल बन गया।

 

31 जनवरी को युवती ने आदित्य को शिवपुरी के बड़ौदी इलाके में स्थित पानी की टंकी के पास मिलने के लिए बुलाया। आदित्य किराए की कार से वहां पहुंचा। युवती वहां आई और उसकी कार में बैठ गई। इसके बाद दोनों शहर में कुछ जगह घूमे। इसी दौरान युवती ने उसे बड़ागांव रोड की ओर ले जाने को कहा। सुनसान जगह मिलते ही युवती ने फोन कर अपने पांच साथियों को मौके पर बुला लिया।

 

आरोप है कि युवकों ने वहां पहुंचते ही आदित्य और कार चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद युवती के साथ आदित्य का अश्लील वीडियो बनाया गया। वीडियो बनाने के बाद आरोपियों ने आदित्य को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी और पहले दो लाख रुपये की मांग की।

 

डर और सामाजिक बदनामी के भय से आदित्य ने अपने रिश्तेदारों और परिचितों से पैसे जुटाए और ऑनलाइन माध्यम से आरोपियों को कुल 1 लाख 5 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बावजूद भी आरोपियों की धमकियां जारी रहीं। परेशान होकर आखिरकार आदित्य ने हिम्मत जुटाई और पुलिस थाने पहुंचकर पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई।

 

पुलिस ने युवती और उसके साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल कुछ आरोपी अज्ञात बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मोबाइल कॉल डिटेल, ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।

 

यह मामला एक बार फिर हनीट्रैप जैसे संगठित अपराध की गंभीरता को उजागर करता है और लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी देता है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *