जामताड़ा जिले के नाला प्रखंड अंतर्गत नाला एवं बिंदापत्थर क्षेत्र से आए करीब 20 चौकीदारों के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को जामताड़ा समाहरणालय पहुंचकर उपायुक्त से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिला चौकीदार संघ के उपाध्यक्ष इंद्रजीत बाउरी ने किया। इस दौरान चौकीदारों ने पूर्ण आश्वस्त वेतनमान एवं परिवर्तित आश्वस्त वेतनमान योजना से जुड़ी वर्षों पुरानी समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष विस्तार से रखा।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वेतनमान, प्रोन्नति तथा अन्य सेवा संबंधी कई मामले लंबे समय से लंबित हैं। इन समस्याओं के कारण जिले के चौकीदारों को आर्थिक और प्रशासनिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। चौकीदारों ने कहा कि कई बार संबंधित विभागों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है।
चौकीदारों की बातों को गंभीरता से सुनने के बाद उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पूर्ण आश्वस्त वेतनमान एवं परिवर्तित आश्वस्त वेतनमान से संबंधित सभी लंबित मामलों का समाधान एक माह के भीतर कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने की बात भी कही ताकि प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके और कर्मचारियों को जल्द राहत मिल सके।
जिला चौकीदार संघ के उपाध्यक्ष इंद्रजीत बाउरी ने उपायुक्त के सकारात्मक रुख की सराहना करते हुए कहा कि चौकीदार समाज लंबे समय से अपने अधिकारों और न्याय की मांग कर रहा है। उपायुक्त के आश्वासन से सभी चौकीदारों में नई उम्मीद जगी है। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समय के भीतर समस्याओं का समाधान होता है तो इससे जिले के सैकड़ों चौकीदारों को लाभ मिलेगा।
मुलाकात के दौरान चौकीदारों ने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग दोहराई और भरोसा जताया कि इस बार उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान होगा। उपायुक्त के आश्वासन के बाद प्रतिनिधिमंडल संतुष्ट नजर आया और अब सभी की निगाहें अगले एक माह में होने वाली प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।
इस अवसर पर पन्नालाल बाउरी, प्रसेनजीत बाउरी, खोकन लोहार, कांत राय, हरिकृष्ण डोम, अरुण कुमार मल्लिक सहित दर्जनों चौकीदार उपस्थित रहे।
संवाददाता: संतोष कुमार, जामताड़ा





