नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के देवीसराय इलाके में सोमवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक सनसनीखेज डकैती की वारदात को अंजाम दिया। रात करीब एक बजे 10 से 12 नकाबपोश अपराधी छत के रास्ते एक बीज कारोबारी के घर में घुस गए। गली के कुत्तों के भौंकने के बावजूद बदमाश बेखौफ होकर घर के अंदर दाखिल हुए और सबसे पहले बुजुर्ग दंपत्ति को बंधक बना लिया।
बदमाशों ने फुलंती देवी के कानों से गहने नोच लिए। विरोध करने पर उनका गला दबाया, मुंह पर टेप चिपकाकर हाथ बांध दिए। उनके पति बालेश्वर प्रसाद को भी रस्सी और टेप से बांध दिया गया। जब बदमाशों ने फुलंती देवी से बेटे का कमरा खुलवाने को कहा और उन्होंने मना किया, तो अपराधियों ने पति को गोली मारने की धमकी दी। इसके बावजूद बुजुर्ग महिला ने साहस दिखाते हुए कहा कि पहले उनके पति को और फिर उन्हें गोली मार दें।
दरवाजा खटखटाने की आवाज सुनकर कारोबारी राजीव रंजन कुमार ने यह सोचकर दरवाजा खोला कि पिता की तबीयत खराब होगी, लेकिन आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद बदमाश कमरे में घुस आए। उन्होंने कारोबारी की बेरहमी से पिटाई की। तिजोरी की चाबी नहीं मिलने पर बदमाशों ने छोटे बच्चे का गला दबाया और परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
परिजनों के मुताबिक बदमाश दो डायमंड सेट, कई डायमंड अंगूठियां, पेंडेंट, मंगलसूत्र, बच्चों की सोने की चेन, लॉकेट, बालियां, करीब 40 भर सोना, तीन किलो चांदी और व्यापार के लिए रखे 45 लाख रुपये नकद बोरों में भरकर ले गए। कुल मिलाकर लगभग एक करोड़ रुपये की संपत्ति लूट ली गई।
सूचना मिलते ही सदर डीएसपी-1 अमरनाथ, दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसपी भरत सोनी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बदमाशों की संख्या 10 से 12 थी। स्थानीय भाषा बोलने और घर की पूरी जानकारी होने से किसी स्थानीय लाइनर की भूमिका तथा अंतरराज्यीय गिरोह की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।








