नालंदा में आधी रात करोड़ों की डकैती: बुजुर्ग दंपत्ति को बनाया बंधक, बच्चे का गला दबाकर लूटे 1 करोड़ के जेवर और नकदी

नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के देवीसराय इलाके में सोमवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक सनसनीखेज डकैती की वारदात को अंजाम दिया। रात करीब एक बजे 10 से 12 नकाबपोश अपराधी छत के रास्ते एक बीज कारोबारी के घर में घुस गए। गली के कुत्तों के भौंकने के बावजूद बदमाश बेखौफ होकर घर के अंदर दाखिल हुए और सबसे पहले बुजुर्ग दंपत्ति को बंधक बना लिया।

बदमाशों ने फुलंती देवी के कानों से गहने नोच लिए। विरोध करने पर उनका गला दबाया, मुंह पर टेप चिपकाकर हाथ बांध दिए। उनके पति बालेश्वर प्रसाद को भी रस्सी और टेप से बांध दिया गया। जब बदमाशों ने फुलंती देवी से बेटे का कमरा खुलवाने को कहा और उन्होंने मना किया, तो अपराधियों ने पति को गोली मारने की धमकी दी। इसके बावजूद बुजुर्ग महिला ने साहस दिखाते हुए कहा कि पहले उनके पति को और फिर उन्हें गोली मार दें।

Sponsored Advertisement

दरवाजा खटखटाने की आवाज सुनकर कारोबारी राजीव रंजन कुमार ने यह सोचकर दरवाजा खोला कि पिता की तबीयत खराब होगी, लेकिन आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद बदमाश कमरे में घुस आए। उन्होंने कारोबारी की बेरहमी से पिटाई की। तिजोरी की चाबी नहीं मिलने पर बदमाशों ने छोटे बच्चे का गला दबाया और परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

परिजनों के मुताबिक बदमाश दो डायमंड सेट, कई डायमंड अंगूठियां, पेंडेंट, मंगलसूत्र, बच्चों की सोने की चेन, लॉकेट, बालियां, करीब 40 भर सोना, तीन किलो चांदी और व्यापार के लिए रखे 45 लाख रुपये नकद बोरों में भरकर ले गए। कुल मिलाकर लगभग एक करोड़ रुपये की संपत्ति लूट ली गई।

सूचना मिलते ही सदर डीएसपी-1 अमरनाथ, दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसपी भरत सोनी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बदमाशों की संख्या 10 से 12 थी। स्थानीय भाषा बोलने और घर की पूरी जानकारी होने से किसी स्थानीय लाइनर की भूमिका तथा अंतरराज्यीय गिरोह की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

  • Related Posts

    दीपावली पर बिहार में सुरक्षा का सख्त पहरा, 20 हजार पुलिसकर्मी तैनात; 750 दमकल वाहन अलर्ट

    दीपावली को लेकर बिहार में उत्साह चरम पर है। बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है और घरों से लेकर प्रतिष्ठानों तक सजावट की जा रही है। त्योहार के…

    नशे में धुत पीजी छात्र की तेज रफ्तार कार से एमबीबीएस छात्र की मौत का आरोप, न्याय की मांग पर मेडिकल छात्रों का धरना

    भागलपुर में सड़क हादसे में एमबीबीएस छात्र डॉक्टर रूपेश सोनी की मौत के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना को लेकर मेडिकल छात्रों में भारी आक्रोश है। न्याय…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *