सहरसा जिले के साहेडीह बड़गांव स्थित ऐतिहासिक एवं आस्था के प्रमुख केंद्र बाबा राज-राजेश्वर स्थान पर आयोजित होने वाले दो दिवसीय महोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। महोत्सव को भव्य, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के उद्देश्य से रविवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और मंदिर कमेटी के सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन की सभी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी स्नेहा झा, अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत प्रतिनिधि अश्विनी कुमार, जदयू नेता सोना सिंह, वार्ड पार्षद एवं मंदिर कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे। अधिकारियों ने महोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पार्किंग और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के प्रखंड अध्यक्ष अमित भारद्वाज ने बाबा राज-राजेश्वर मंदिर के पुजारी के सम्मान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष आयोजित महोत्सव में मंदिर के वास्तविक एवं अधिकृत पुजारी की जगह दूसरे पंडित को सम्मानित किया गया था, जिससे स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी देखी गई थी। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस बार इस गलती की पुनरावृत्ति न हो और मंदिर के अधिकृत पुजारी को ही सम्मानित किया जाए।
इस पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी स्नेहा झा ने स्पष्ट आश्वासन देते हुए कहा कि इस वर्ष आयोजित होने वाले दो दिवसीय महोत्सव में बाबा राज-राजेश्वर मंदिर के अधिकृत पुजारी को ही सम्मानित किया जाएगा। उनके इस आश्वासन का बैठक में मौजूद लोगों ने स्वागत किया।
बैठक के अंत में प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं मंदिर कमेटी के सदस्यों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और महोत्सव धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक गरिमा एवं सामाजिक सौहार्द का संदेश देते हुए सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
संवाददाता : इन्द्रदेव जी






