रोहतास के कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या से सनसनी, औरंगाबाद में देर रात अपराधियों ने किया हमला

रोहतास जिले के डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार की शनिवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दिए जाने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। घटना औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र की है। प्रारंभिक आशंका लूटपाट के दौरान हत्या की जताई जा रही है, हालांकि पुलिस दुर्घटना और हत्या दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

 

Sponsored Advertisement

जानकारी के अनुसार, कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार देर रात डेहरी से पटना के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान बारुण नहर मार्ग के सुनसान इलाके में अज्ञात अपराधियों ने उनकी गाड़ी को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने लूटपाट के दौरान उन पर हमला किया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर उन्हें तत्काल रोहतास जिले के जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

घटना के बाद उनकी गाड़ी सड़क किनारे एक खेत में गिरी हुई मिली। वाहन की स्थिति को देखते हुए कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है तथा चालक से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह सुनियोजित हत्या थी या लूटपाट के दौरान वारदात को अंजाम दिया गया।

 

घटना की सूचना मिलते ही रोहतास के जिलाधिकारी दीपक मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार, सासाराम नगर आयुक्त विकास कुमार, सदर एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी, औरंगाबाद एसडीएम गौरव सिंह तथा डेहरी विधायक राजीव रंजन उर्फ सोनू सिंह समेत कई प्रशासनिक और जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।

 

औरंगाबाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

 

  • Related Posts

    जमुई घटना पर गरमाई सियासत, तेजस्वी ने सरकार से पूछे सवाल; सम्राट चौधरी के पुराने बयान की चर्चा

    जमुई घटना पर गरमाई सियासत, तेजस्वी ने सरकार से पूछे सवाल; सम्राट चौधरी के पुराने बयान की चर्चा

    मधेपुरा में शॉर्ट सर्किट से पांच घर जलकर राख, 15 लाख की संपत्ति का नुकसान

    मधेपुरा में शॉर्ट सर्किट से पांच घर जलकर राख, 15 लाख की संपत्ति का नुकसान

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *