गया स्थित जीडीएवी स्कूल में आयोजित दो दिवसीय डीएवी जोनल कराटे प्रतियोगिता का सफल समापन हुआ। इस प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से आए दर्जनों प्रतिभागियों ने भाग लिया।
इस मौके पर डीएवी भागलपुर की दो छात्राओं — अद्रिजा श्री (कक्षा 6-सी) और कनिका नयन — ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (सिल्वर मेडल) जीतकर अपने विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया।

प्रतियोगिता के समापन समारोह में विजेताओं को पदक और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। कोच लवली कुमारी ने बताया कि अद्रिजा और कनिका ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान बेहतरीन तकनीक, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि दोनों छात्राओं का यह प्रदर्शन लगातार मेहनत और लगन का परिणाम है।

उल्लेखनीय है कि इन दोनों छात्राओं ने इससे पहले 30 और 31 जुलाई को बेगूसराय डीएवी स्कूल में आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-14 बालिका वर्ग कराटे प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। उस प्रतियोगिता में अद्रिजा श्री ने 43 किलोग्राम वर्ग में और कनिका नयन ने 38 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) हासिल किया था।

राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक और जोनल स्तर पर रजत पदक जीतने के बाद अब दोनों छात्राओं का चयन आगामी नवंबर माह में दिल्ली में आयोजित होने वाले नेशनल गेम्स के लिए किया गया है। यह भागलपुर डीएवी स्कूल के लिए गर्व का क्षण है।

विद्यालय के प्राचार्य अनिल कुमार ने दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि “अद्रिजा और कनिका ने विद्यालय का नाम ऊँचा किया है। यह उनकी मेहनत और कोच की मार्गदर्शन का परिणाम है।”
उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रीय स्तर पर भी दोनों छात्राएं बेहतर प्रदर्शन कर बिहार और विद्यालय को गौरवान्वित करेंगी।

वहीं, अद्रिजा श्री के पिता उत्तम कुमार सिंह ने भी पुत्री की इस सफलता पर गर्व व्यक्त किया और कहा कि नियमित अभ्यास और अनुशासन से ही सफलता हासिल होती है। उन्होंने विद्यालय प्रशासन और प्रशिक्षकों के सहयोग के लिए आभार जताया।

कार्यक्रम के अंत में छात्राओं, शिक्षकों और कोच लवली कुमारी को सम्मानित किया गया तथा स्कूल परिसर में विजेताओं के सम्मान में तालियों की गूंज गूँज उठी।

 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *